गोरखपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर यात्रियों की सहज, सुगम, सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं। इसी क्रम में सांसद गोरखपुर रवि किशन शुक्ला ने रविवार, 26 अक्टूबर 2025 को गोरखपुर जंक्शन स्टेशन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सांसद रवि किशन ने स्टेशन पर बनाए गए यात्री आश्रय स्थलों (पैसेंजर होल्डिंग एरिया) का अवलोकन किया और वहां उपस्थित यात्रियों से संवाद किया। उन्होंने यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं — पंखा, कूलर, ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड, शुद्ध पेयजल, सहायता बूथ, मोबाइल यूटीएस, प्राथमिक चिकित्सा, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, खान-पान स्टॉल, बैठने की व्यवस्था एवं प्रकाश व्यवस्था आदि — की सराहना की।
सांसद ने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन का यह प्रयास सराहनीय है। विशेष रूप से मोबाइल यू.टी.एस. व्यवस्था को उन्होंने यात्रियों के लिए रेलवे का “अनुपम उपहार” बताया, जिससे बिना लाइन में लगे तत्काल टिकट प्राप्त किए जा सकते हैं।
गौरतलब है कि गोरखपुर जंक्शन पर 2,500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में 5 पैसेंजर होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं, जिनमें यात्रियों के ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है। इस दौरान स्टेशन पर छठ गीतों की मधुर ध्वनि ने पर्व का विशेष वातावरण निर्मित किया।
इस अवसर पर मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने सांसद को रेलवे प्रशासन द्वारा भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छठ पर्व के अवसर पर एक दिन पूर्व गोरखपुर जंक्शन से लगभग दो लाख यात्रियों का आवागमन हुआ।
निरीक्षण के दौरान सांसद के साथ पी.आर.ओ. एवं जेड.आर.यू.सी.सी. सदस्य पवन दूबे, निजी सचिव शिवम द्विवेदी, स्टेशन निदेशक रतनदीप गुप्ता सहित अन्य रेल अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
(रिपोर्ट — वॉयस ऑफ बस्ती)

No comments:
Post a Comment