बस्ती। बुधवार को ऑल इंडिया आशा अधिकार मंच के पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष पांडेय के नेतृत्व में कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में आशा एवं संगिनी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई। मंच की ओर से मांग की गई कि प्रोत्साहन राशि के स्थान पर निश्चित मानदेय लागू किया जाए। आशा कार्यकर्ताओं को न्यूनतम ₹18,000 तथा संगिनी को ₹24,000 प्रतिमाह मानदेय दिया जाए। साथ ही, दोनों वर्गों को ₹50 लाख का बीमा कवर, राज्य कर्मचारी का दर्जा, मृतक आश्रित परिवार को अनुकंपा नियुक्ति तथा अन्य विभागीय कार्यों से मुक्ति प्रदान की जाए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष पांडेय ने बताया कि केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने उनकी सभी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है।
बरसात के बीच हुए इस ज्ञापन कार्यक्रम में प्रदेश सचिव शारदा देवी, जिलाध्यक्ष इशरावती चौधरी, रंजना पांडेय, राधा, सुषमा यादव, रेखा देवी, संगीता देवी, राजेश कुमारी, शशिकला, भानमती, चंद्रावती, निर्मला तिवारी, शेर सिंह सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment