बस्ती। “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” के अंतर्गत गुरुवार को जनपद मुख्यालय बडेवन स्थित एक होटल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा महिला सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रहीं प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा एवं अध्यक्ष, महिला कल्याण निगम, उत्तर प्रदेश कलावती सिंह, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सुनीता अग्रहरी उपस्थित रहीं। सम्मेलन की अध्यक्षता महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रोली सिंह ने की और संचालन का दायित्व जिला महामंत्री शालिनी मिश्रा ने निभाया।
मुख्य अतिथि कलावती सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिलाओं के श्रम और सामर्थ्य को सम्मान देकर राष्ट्रनिर्माण में नारीशक्ति की भूमिका को नई ऊँचाई प्रदान की है। उन्होंने कहा कि “विजन–2047 : विकसित भारत” के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हर भारतीय नारी को आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लेना होगा। पं. दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ सिद्धांत को साकार करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुँचाई है। उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं में महिलाओं को प्राथमिकता देकर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाया गया है।
विशिष्ट अतिथि सुनीता अग्रहरी ने कहा कि कोरोना काल में भारत ने आत्मनिर्भरता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। भारत ने न केवल अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति की बल्कि अन्य देशों की भी सहायता की, जो प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज भारत की महिलाएँ आत्मबल और स्वदेशी के संकल्प से समाज को नई दिशा प्रदान कर रही हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने कहा कि स्वदेशी अपनाना केवल आर्थिक मजबूती नहीं, बल्कि सांस्कृतिक गौरव की पुनर्स्थापना भी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने दैनिक जीवन में स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करें और आत्मनिर्भर भारत अभियान को जन-जन तक पहुँचाएँ।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे स्वदेशी अपनाएँगी, आत्मनिर्भर बनेंगी और राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएँगी। साथ ही “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएँ भी व्यक्त कीं।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा, सुमन सिंह, ममता सिंह, शिवानी सिंह, अखण्ड प्रताप सिंह, अभिनव उपाध्याय, गौरव अग्रवाल, मीरा त्रिपाठी, निर्मला श्रीवास्तव, संध्या दीक्षित, प्रीती श्रीवास्तव, रेखा चित्रगुप्त, प्रवेश देवी, मंजू श्रीवास्तव, अमृत कुमार वर्मा, राजकुमार शुक्ल, दिव्यांशु दुबे, ई. अभिषेक पाण्डेय, रवि तिवारी, धर्मेन्द्र जायसवाल सहित महिला मोर्चा की अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

No comments:
Post a Comment