संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने आगामी छठ पर्व के सकुशल आयोजन के लिए शुक्रवार को थाना कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र स्थित पक्का पोखरा घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने घाट पर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) जयप्रकाश भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी अवधेश भारती से घाट पर होने वाली तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, कानून-व्यवस्था और यातायात नियंत्रण की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने निर्देश दिया कि जिन घाटों पर पानी अधिक है, वहां मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाए और नाव एवं गोताखोरों की व्यवस्था भी अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो सके। उन्होंने सभी छठ घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और पुलिस बल की ड्यूटी लगाने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आधारभूत सुविधाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी और अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित किया कि सभी घाटों की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाए और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए।
इसके साथ ही उन्होंने आदेश दिया कि घाटों और आसपास के क्षेत्रों में आवारा पशु नहीं दिखने चाहिए। सभी संबंधित अधिकारी समय से तैयारी पूरी कर लें ताकि छठ पर्व शांति, सुरक्षा और श्रद्धा के साथ संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी अवधेश भारती सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment