धरती पुत्र के अधूरे सपनों को पूरा करना हमारा कर्तव्य : महेन्द्रनाथ यादव
बस्ती। समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व मुख्यमंत्री और देश के पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव की तीसरी पुण्यतिथि पर शुक्रवार को समाजवादियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सपा जिला कार्यालय पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में जिलाध्यक्ष एवं विधायक महेन्द्रनाथ यादव ने नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उपस्थित होकर नेताजी के योगदान को याद किया।
महेन्द्रनाथ यादव ने कहा कि धरती पुत्र मुलायम सिंह यादव प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में रहे। वे सच्चे जननेता थे, जिन्हें हजारों कार्यकर्ताओं के नाम याद रहते थे। उन्होंने किसानों, नौजवानों, व्यापारियों और समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए जीवन समर्पित किया। नेताजी का अधूरा सपना पूरा करना ही समाजवादियों की सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने कहा कि नेताजी की राष्ट्रवाद, लोकतंत्र, समाजवाद और धर्मनिरपेक्षता में अटूट आस्था थी। वे भारतीय भाषाओं, संस्कृति और शोषित वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर संघर्षरत रहे। आज राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव उनके दिखाए मार्ग पर समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं।
कार्यक्रम के बाद सपा नेताओं ने वृद्धा आश्रम में फल वितरण कर नेताजी की सेवा भावना को साकार किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजमणि पाण्डेय, विधायक राजेन्द्र चौधरी, कविन्द्र चौधरी ‘अतुल’, श्रीपति सिंह, दयाशंकर मिश्र, मो. स्वालेह, जावेद पिण्डरी, राजाराम यादव, गुलाम गौस, पंकज मिश्र, संजय गौतम सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नेताओं ने कहा कि एक साधारण किसान परिवार से निकलकर मुलायम सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई दिशा दी और पिछड़े वर्गों के उत्थान में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका योगदान हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा।


No comments:
Post a Comment