गोरखपुर। बढ़ती गर्मी और ओवरलोडिंग के चलते महानगर में लगातार हो रही विद्युत कटौती एवं फाल्ट की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अनिल ढींगरा तथा दीपक मीणा ने आयुक्त सभागार में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विद्युत विभाग के आला अधिकारियों, एसडीओ, सहायक अभियंताओं एवं अवर अभियंताओं को सख्त निर्देश दिए गए कि अनावश्यक विद्युत कटौती न की जाए तथा किसी भी विद्युत फाल्ट की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मंडलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कई क्षेत्रों में रात्रि के समय बार-बार विद्युत फाल्ट हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समय से मौके पर नहीं पहुंच रहे हैं और जनता व जनप्रतिनिधियों के फोन तक रिसीव नहीं कर रहे हैं। इस पर उन्होंने कड़ी फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि अभियंता, एसडीओ, एई एवं जेई जनता के फोन रिसीव नहीं करेंगे तो उनके खिलाफ शासन स्तर पर कठोर कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
बैठक में मुख्य अभियंता विद्युत पंकज अग्रवाल एवं अधीक्षण अभियंता रंजीत चौधरी को निर्देशित किया गया कि जोनल कार्यालय में तत्काल कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए। कंट्रोल रूम में एसडीओ एवं एई स्तर के अधिकारियों के साथ एक मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी की 24 घंटे ड्यूटी लगाई जाए तथा उसका नंबर सार्वजनिक किया जाए, ताकि आमजन सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकें।
मंडलायुक्त ने कहा कि शिकायत मिलने पर रिस्पांस टाइम कम किया जाए और समस्या समाधान में किसी प्रकार का बहाना न बनाया जाए। इमरजेंसी गैंग की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी एजेंसी द्वारा लापरवाही बरती गई तो उसे ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने तथा आगामी आंधी-पानी के मौसम को देखते हुए पहले से तैयारी रखने के निर्देश दिए गए।
मुख्य अभियंता पंकज अग्रवाल ने बताया कि सब स्टेशनवार व्हाट्सएप ग्रुप बनाए गए हैं, जिनमें संबंधित क्षेत्र के सभासद एवं सम्मानित नागरिक जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि जोनल स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है, जिसका नंबर 9415737209 होगा।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने विद्युत अभियंताओं से अपेक्षा की कि वे अपना मोबाइल हर समय ऑन रखें तथा जनप्रतिनिधियों एवं आम जनता के फोन अवश्य रिसीव करें, जिससे समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

No comments:
Post a Comment