बस्ती। विकासखंड बस्ती अंतर्गत राजस्व ग्राम रैपुरा जंगल, तहसील बस्ती सदर स्थित गाटा संख्या 499 पर खरीफ 2025 के अंतर्गत बोई गई धान की फसल का निरीक्षण जिलाधिकारी रवीश गुप्ता द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वयं खेत में जाकर 10 मीटर के समबाहु त्रिभुज क्षेत्र में धान की कटाई की और फसल उत्पादन का प्रत्यक्ष आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान 43.33 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में कुल 28.100 किलोग्राम धान प्राप्त हुई, जिसके आधार पर प्रति हेक्टेयर फसल उत्पादन लगभग 64 कुंतल आँका गया है। यह उत्पादन औसत से अधिक माना जा रहा है और इसे किसानों के लिए एक प्रोत्साहन के रूप में देखा जा रहा है।
मौके पर उपजिलाधिकारी सदर शत्रुघ्न पाठक, अपर सांख्यिकीय अधिकारी (भूलेख) अजय कुमार चौधरी, ग्राम प्रधान अमरेन्द्र कुमार, राजस्व निरीक्षक विनय तिवारी, जिला समन्वयक शैलेशमणि त्रिपाठी एवं शिव कुमार उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने किसानों से संवाद कर उन्हें उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने हेतु प्रेरित किया और कहा कि जिले में वैज्ञानिक पद्धति से खेती को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे उत्पादन क्षमता और किसानों की आमदनी दोनों में वृद्धि हो सके।

No comments:
Post a Comment