लखनऊ। केन्द्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, लखनऊ द्वारा डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में 14 से 18 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले पाँच दिवसीय विशेष कार्यक्रम ‘‘विकसित भारत का अमृत काल: सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 11 साल’’ के अंतर्गत आज पूर्व-प्रचार अभियान का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि अरिमर्दन सिंह (आईआईएस, सेवानिवृत्त) ने किया। उन्होंने कहा कि ‘‘योजनाओं के बारे में जब तक लोगों को जानकारी नहीं होगी, तब तक वे उनका लाभ नहीं उठा पाएंगे।’’ विशिष्ट अतिथि डॉ. (प्रो.) वीरेंद्र सिंह यादव और डॉ. रंजीत कुमार ने भी योजनाओं की जन-जागरूकता को जरूरी बताया।
निदेशक मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि मुख्य कार्यक्रम में गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे विषयों पर चर्चा होगी। साथ ही विश्वविद्यालय के अटल प्रेक्षागृह में सरकारी उपलब्धियों की चित्र प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जो सभी के लिए निःशुल्क होगी।
पूर्व-प्रचार कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, जादू शो और माइंड रीडिंग प्रदर्शन का भी आयोजन हुआ। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र विश्वकर्मा ‘हरिहर’ ने किया।
इस अवसर पर जय सिंह, लक्ष्मण शर्मा, अमन त्रिपाठी, प्रेम सिंह नेगी, जितेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment