बस्ती। नगर पंचायत भानपुर के गठन के बावजूद कई वार्डों और ग्रामीण क्षेत्रों को अब तक शहरी विद्युत व्यवस्था का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस समस्या को गंभीरता से उठाते हुए भाजपा मंडल कार्यसमिति सदस्य एवं विधानसभा क्षेत्र 309 रुधौली के मनोज सिंह ने प्रदेश के ऊर्जा मंत्री को पत्र भेजकर वंचित क्षेत्रों को शहरी विद्युत व्यवस्था से जोड़ने तथा अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।
ऊर्जा मंत्री को भेजे पत्र में मनोज सिंह ने बताया कि नगर पंचायत गठन के बाद कुछ क्षेत्रों को शहरी विद्युत व्यवस्था से जोड़ दिया गया है, लेकिन सोनहा, आहार, मंडफ, खैरा, खुटेहना, कड़जहना, नौगढ़वा, बनवधिया, उकड़ा, करमहिया, कोपा, मिश्रौलिया, बनटिकरा और पेलनी समेत कई वार्ड अभी भी इस सुविधा से वंचित हैं। इसके कारण स्थानीय लोगों को बिजली संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए पूर्व में भी विभागीय अधिकारियों से पत्राचार और वार्ता की गई, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत गठन के बाद सभी पात्र वार्डों को समान रूप से शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है।
मनोज सिंह ने ऊर्जा मंत्री से संबंधित अधिकारियों को क्षेत्रवार समीक्षा कराने, वंचित वार्डों को नियमानुसार शहरी विद्युत व्यवस्था से जोड़ने और लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश देने की मांग की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शीघ्र कार्रवाई होने से भानपुर नगर पंचायत के नागरिकों को बेहतर विद्युत सुविधा मिल सकेगी।

No comments:
Post a Comment