गोरखपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ और उनकी सुरक्षा को लेकर रेलवे पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है। त्योहार के दौरान यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस अधीक्षक रेलवे गोरखपुर लक्ष्मी निवास मिश्र ने रेलवे स्टेशन गोरखपुर का व्यापक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सवि रत्न गौतम एवं पुलिस उपाधीक्षक रेलवे गोरखपुर अशोक कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान एसपी रेलवे ने जीआरपी, आरपीएफ, चेकिंग स्टाफ और डॉग स्क्वायड की संयुक्त टीम के साथ स्टेशन परिसर का पैदल भ्रमण किया। अधिकारियों ने प्लेटफार्मों, सर्कुलेटिंग एरिया, आउटर, पार्किंग स्थल, वेटिंग हॉल और यात्रियों की आवाजाही वाले प्रमुख स्थानों की जांच की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की कमी न रहने देने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसपी रेलवे ने स्पष्ट किया कि छठ पर्व के दौरान रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने थाना प्रभारी गोरखपुर को यात्रियों के सामान की सुरक्षा सुनिश्चित करने, संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने और किसी भी भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए होल्डिंग एरिया की सघन चेकिंग की गई। साथ ही कर्मचारियों को ब्रीफ कर आवश्यकतानुसार ड्यूटी लगाने, निर्माण कार्यों के कारण प्रभावित होने वाले आवागमन पर नजर रखने तथा अतिरिक्त पुलिस पिकेट तैनात करने को कहा गया। सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी सक्रिय रखने, डॉग स्क्वायड एवं बम डिस्पोजल यूनिट की मदद से जांच अभियान चलाने और ट्रेनों में स्कॉर्ट व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने रेन बसेरा, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और पूछताछ केंद्र की व्यवस्थाओं को भी परखा। रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन संख्या 11048 दादर सेंट्रल एक्सप्रेस में सघन चेकिंग अभियान चलाकर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसपी रेलवे ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि छठ महापर्व के दौरान पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाएं। यात्रियों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और रेलवे परिसर में शांति व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रेलवे पुलिस की इस सक्रियता का उद्देश्य छठ पर्व के दौरान गोरखपुर रेलवे स्टेशन से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।


No comments:
Post a Comment