<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Thursday, November 12, 2026

मिशन 2027 की तैयारी में जुटी भाजपा, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का बना रोडमैप


बस्ती। आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से संगठन को मजबूत बनाने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी की चुनावी तैयारियों को धार देने और बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को हर्रैया एवं कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में बूथ प्रबंधन, मंडल स्तर पर संगठन की सक्रियता, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल और पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विस्तार से चर्चा हुई।

भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित बैठकों में बस्ती जिला प्रभारी एवं क्षेत्रीय महामंत्री डॉ. सत्येन्द्र सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। पहली बैठक सुबह 11 बजे हर्रैया ब्लॉक सभागार में 307 हर्रैया विधानसभा तथा दूसरी बैठक दोपहर दो बजे कप्तानगंज ब्लॉक सभागार में 308 कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संपन्न हुई। हर्रैया विधानसभा प्रभारी लालजी त्रिपाठी और कप्तानगंज विधानसभा प्रभारी सेतुबान राय विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. सत्येन्द्र सिन्हा ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की मजबूती उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आपसी समन्वय पर निर्भर करती है। आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करना होगा। पन्ना प्रमुख, शक्ति केंद्र प्रमुख, बूथ प्रमुख और बूथ समितियों के बीच बेहतर संवाद स्थापित कर संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आपसी समन्वय के साथ संगठन के निर्धारित कार्यक्रमों को धरातल पर उतारें और आम जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखें। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में भी सक्रिय भूमिका निभाएं। जनता की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए प्रयास करना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया गया। नेताओं ने मंडल एवं बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय रखने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां सुनिश्चित करने तथा संगठनात्मक गतिविधियों में सभी की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।

इस दौरान हर्रैया विधायक अजय सिंह, कप्तानगंज के पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश शुक्ल, जिला महामंत्री अमृत कुमार वर्मा, राजेश त्रिपाठी, राजकुमार शुक्ल, राधेश्याम कमलापुरी, सुनील सिंह, वीरेन्द्र गौतम, रामसिंगार ओझा, विनय सिंह भारद्वाज, अखण्ड प्रताप सिंह, विनय शंकर मिश्र, अमित चतुर्वेदी, जवाहर जैसवाल, शिवचरन जायसवाल, ओमकार सिंह, अमरनाथ शर्मा, राजेश कमलापुरी, मनोज पाठक, गौरव मणि त्रिपाठी एवं गंगेश सिंह सहित विभिन्न मंडलों के पदाधिकारी, पूर्व पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages