वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
कलवारी (बस्ती)। झिनकू लाल त्रिभुवन राम चौधरी इंटर कॉलेज में लगातार तीसरी बार पुरातन छात्र सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में वर्ष 2003 के बैच के छात्र लंबे अरसे बाद उसी कक्षा में मिले, जहां कभी साथ बैठकर पढ़ाई और खेलकूद किया करते थे। पुराने साथियों को सामने देख कई छात्र भावुक हो उठे। इस मिलन में किसी का पद और प्रतिष्ठा मायने नहीं रखती थी, बल्कि सभी के बीच बचपन की यादें और पुरानी दोस्ती ही प्रमुख रही।
विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर निकले पुरातन छात्र आज विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। प्रधानाचार्य अज्ञाराम चौधरी ने सम्मेलन की सराहना करते हुए सभी पुरातन छात्रों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पुरातन छात्रों ने एक ट्रस्ट का गठन भी किया। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर पुरातन छात्रों की मदद करना और विद्यालय को आवश्यक सहयोग प्रदान करना है। बेसिक शिक्षा अधिकारी के पद पर तैनात विकास कुमार श्रीवास्तव ने वर्ष 2003 के बैच की कक्षा की रंगाई-पुताई एवं अन्य आवश्यक मरम्मत कार्यों में सहयोग देने का आश्वासन दिया।
सम्मेलन के संयोजक इंजीनियर रामनाथ के अथक प्रयासों से पुरातन छात्रों का यह मिलन संभव हो सका। सभी ने उन्हें साथियों को एक सूत्र में पिरोने के लिए धन्यवाद दिया।
सम्मेलन में मनीष चौधरी, प्रदीप चौधरी, विकास चंद श्रीवास्तव, संदीप दुबे, अफरोज खान, सुनील कुमार वर्मा, पंकज गुप्ता, सूरज चक्रवर्ती, रवि प्रकाश, रतन लाल, अब्दुल समद, मोहम्मद स्वाले, अकरम, अखिलेश चौधरी, प्रेम जी यादव, कमलेश कुमार, महेंद्र कुमार, पंकज कुमार, रामलक्ष्मण सहित बड़ी संख्या में पुरातन छात्र मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment