महादेवा (बस्ती)। मुंडेरवा थाना क्षेत्र के दत्तुआखोर गांव में गुरुवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में 10 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। ट्रैक्टर में लगे रोटावेटर की चपेट में आने से बालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, गांव में ईंट भट्ठे से ईंटों की ढुलाई के कारण कच्ची सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए थे। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे ट्रैक्टर की मदद से इन गड्ढों को भरकर सड़क समतल करने का कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान आसपास मौजूद कुछ बच्चे ट्रैक्टर पर लगे रोटावेटर पर चढ़ने का प्रयास करने लगे। तभी अंश पुत्र धर्मेंद्र का अचानक पैर फिसल गया और वह ट्रैक्टर व रोटावेटर के बीच आ गया। रोटावेटर की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मासूम अंश अपने पिता का इकलौता बेटा था। परिवार में उससे पहले तीन बेटियां हैं। इकलौते बेटे की असमय मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। जिस घर में कभी बच्चे की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।

No comments:
Post a Comment