<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Thursday, November 12, 2026

महाप्रबंधक ने परखी रेलवे ट्रैक की मजबूती, बस्ती स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का लिया जायजा

गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने गुरुवार को लखनऊ मंडल के अधिकारियों के साथ बस्ती रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संरक्षित ट्रेन संचालन के उद्देश्य से रेलवे ट्रैक के टो (Toe) लोड की जांच की और अधिकारियों को ट्रैक के समयबद्ध अनुरक्षण के निर्देश दिए। साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किए जा रहे बस्ती स्टेशन के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेलवे ट्रैक की कार्यशीलता और संरक्षा से जुड़े पहलुओं की बारीकी से जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रेलवे ट्रैक के नियमित रखरखाव और समयबद्ध अनुरक्षण पर विशेष ध्यान देने को कहा।

इसके बाद उन्होंने स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। स्टेशन के ले-आउट प्लान का अवलोकन करते हुए सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, एस्केलेटर, लिफ्ट, गुड्स साइडिंग और प्लेटफॉर्मों पर चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने, स्वच्छता के उच्च मानक बनाए रखने और यात्रियों की सुविधा के अनुरूप पार्किंग व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने प्लेटफॉर्म संख्या एक पर स्थित एसी लाउंज, डॉरमेट्री, महिला एवं पुरुष प्रतीक्षालय, सीसीटीवी कक्ष और रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा पैनल कक्ष और रेलवे आवासों में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

उन्होंने बस्ती स्टेशन यार्ड में समपार संख्या 198 पर निर्माणाधीन रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) का भी निरीक्षण किया। महाप्रबंधक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि स्टेशन के पुनर्विकास से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता और तय मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।

उन्होंने संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे परिसंपत्तियों के उचित रखरखाव, ट्रैक अनुरक्षण, यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार और स्टेशन परिसर की स्वच्छता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

No comments:

Post a Comment

Pages