देवरिया। छठ महापर्व पर यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए राजकीय रेलवे पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र ने पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सवि रत्न गौतम के साथ देवरिया रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसआरपी ने प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, पार्किंग, प्रवेश-निकास द्वार और सर्कुलेटिंग एरिया का भ्रमण कर व्यवस्थाएं परखीं। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था दुरुस्त रखने, अंधेरे स्थानों पर अतिरिक्त कैमरे लगाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान जीआरपी, आरपीएफ और डॉग स्क्वाड की संयुक्त टीम ने मौर्य एक्सप्रेस, बिहार क्रांति सुपरफास्ट और लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस में सघन चेकिंग अभियान चलाया। एसआरपी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्कता बरतने और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ पर्व के दौरान रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का भरोसा मिल सके।


No comments:
Post a Comment