<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, November 4, 2026

डीएम ने धान क्रय केंद्रों का किया निरीक्षण, किसान से शुरू कराई खरीद


वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता

संत कबीर नगर। जिलाधिकारी अनुज मलिक ने बुधवार को मंडी परिसर में संचालित छह धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इनमें खाद्य विभाग के चार, पीसीयू का एक और मंडी समिति का एक केंद्र शामिल है। निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर प्रभारी उपस्थित मिले। खाद्य विभाग के मंडीयार्ड प्रथम केंद्र पर किसान नर्वदेश्वर सिंह निवासी कटबन्ध, नेहिया खुर्द बुजुर्ग ने करीब 65 क्विंटल धान बिक्री के लिए पहुंचाया। जिलाधिकारी ने किसान का माल्यार्पण कराकर धान खरीद का शुभारंभ कराया।

शासन के निर्देश पर खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीद एक नवंबर 2026 से शुरू होकर 28 फरवरी 2027 तक चलेगी। इसके तहत सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का मूल्य 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। जनपद में कुल 60 हजार मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य रखा गया है।

जिले में खरीद के लिए कुल 64 क्रय केंद्रों का अनुमोदन किया गया है। इनमें खाद्य विभाग के 32, पीसीएफ के 21, पीसीयू के नौ, मंडी समिति और भारतीय खाद्य निगम का एक-एक केंद्र शामिल है। अब तक 806 किसानों ने धान बिक्री के लिए पंजीकरण कराया है, जबकि इनमें से 369 किसानों का ही सत्यापन हो सका है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया कि किसानों को धान बिक्री में किसी तरह की परेशानी न हो। केंद्रों पर बैठने और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। किसानों की संख्या अधिक होने पर टोकन रजिस्टर बनाया जाए और क्रम के अनुसार मानक के अनुरूप धान की तौल कराई जाए। उन्होंने किसानों से शालीनतापूर्वक व्यवहार करने और सभी क्रय केंद्रों पर खरीद सुचारु रूप से शुरू कराने के निर्देश दिए।

No comments:

Post a Comment

Pages