बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र में एक युवती ने गांव के ही युवक पर शादी का झांसा देकर वर्षों तक शारीरिक शोषण करने और अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है। युवती ने युवक के साथ उसके माता-पिता और भाई को भी धमकी देने तथा शादी से इनकार करने के मामले में आरोपित किया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्याय दिलाने की मांग की है।
पीड़िता ने अपने शिकायती पत्र में बताया कि गांव के ही सनी भारती पुत्र ओम प्रकाश ने वर्ष 2011 में उसे प्रेमजाल में फंसा लिया था। उस समय वह नाबालिग थी। आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा देकर उसका लंबे समय तक शारीरिक शोषण किया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसकी अश्लील वीडियो बना ली थी और उसे वायरल करने की धमकी देकर लगातार दबाव बनाता रहा। युवती के मुताबिक, इस दौरान कई बार गर्भवती होने पर उसका गर्भपात भी कराया गया।
शिकायत के अनुसार, अक्टूबर 2025 में जब पीड़िता ने शादी की बात उठाई तो आरोपी ने इससे इनकार कर दिया। इसके बाद 10 अक्टूबर 2025 को उसने लालगंज थाने में शिकायत की। आरोप है कि थाने में बुलाए जाने पर युवक ने शादी करने की सहमति जताई। 18 अक्टूबर 2025 को दोनों के हस्ताक्षर से स्टांप पेपर पर सहमति पत्र तैयार किया गया, जिसमें अक्टूबर-नवंबर 2026 में शादी करने की बात दर्ज थी।
पीड़िता का आरोप है कि तय समय आने पर जब उसने शादी के लिए युवक और उसके परिवार से संपर्क किया तो सनी भारती, उसके पिता ओम प्रकाश, मां गीता देवी और भाई उमेश ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। विरोध करने पर उसके और परिवार के साथ गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि दोबारा शादी की बात लेकर घर आने पर हत्या कर शव गायब करने की धमकी भी दी गई।
लगातार मिल रही कथित धमकियों से परेशान पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

No comments:
Post a Comment