बस्ती। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने सोनहा-शिवघाट मार्ग के निर्माण में हो रही देरी, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि मामले की जांच के आदेश के बावजूद लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड बस्ती के अधिशासी अभियंता ने कथित तौर पर गलत और मनगढ़ंत रिपोर्ट प्रस्तुत कर मुख्यमंत्री संदर्भ में आख्या भेज दी। उन्होंने इस पर नाराजगी जताते हुए पूरे मामले की दोबारा निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में उन्होंने कहा कि सोनहा-शिवघाट मार्ग क्षेत्र के लोगों के आवागमन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। निर्माण कार्य में देरी से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, किसानों, राहगीरों और मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि बिना जमीनी हकीकत की जांच किए गलत रिपोर्ट प्रस्तुत करना गंभीर मामला है। इससे सरकार की छवि भी प्रभावित हो रही है।
पूर्व विधायक ने मार्ग निर्माण के टेंडर, कार्यादेश, निर्धारित लागत और निर्माण की समयसीमा की जांच कराने के साथ ही निर्माण सामग्री का मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला से गुणवत्ता परीक्षण कराने की मांग की है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारी तय कर अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
संजय प्रताप जायसवाल ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता को बेहतर सड़क और विकास सुविधाएं उपलब्ध कराना है। जनसमस्याओं को उठाना उनका दायित्व है। अधिकारियों को जमीनी स्तर पर निष्पक्ष जांच करनी चाहिए, न कि गलत रिपोर्ट के जरिए मामले को दबाने का प्रयास करना चाहिए।

No comments:
Post a Comment