गोरखपुर। छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच गोरखपुर जंक्शन पर यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रेलवे प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए किए गए इंतजामों का जायजा लेने शनिवार को सांसद रवि किशन शुक्ला रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने स्टेशन परिसर में बनाए गए यात्री आश्रय स्थलों का निरीक्षण किया और वहां मौजूद यात्रियों से बातचीत कर सुविधाओं का फीडबैक लिया।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने यात्री आश्रय स्थल में उपलब्ध ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड, शुद्ध पेयजल, सहायता बूथ, प्राथमिक चिकित्सा, मोबाइल यूटीएस, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, कूलर, बैठने की व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। यात्रियों के लिए बज रहे छठ गीतों की भी उन्होंने सराहना की। मोबाइल यूटीएस के माध्यम से बिना लंबी कतार में लगे टिकट उपलब्ध कराने की व्यवस्था को सांसद ने रेलवे की ओर से यात्रियों के लिए सराहनीय पहल बताया।
छठ पर्व पर यात्रियों की भारी भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए गोरखपुर जंक्शन परिसर में पांच अस्थायी यात्री होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। इनमें चार मुख्य प्रवेश द्वार की ओर तथा एक द्वितीय प्रवेश द्वार की तरफ स्थापित किया गया है। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के साथ प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना है।
सांसद ने प्लेटफॉर्म संख्या एक पर भी यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों से सीधे संवाद कर रेलवे की व्यवस्थाओं के संबंध में उनकी राय जानी। इसके बाद स्टेशन स्थित वॉर रूम पहुंचकर सभी प्लेटफॉर्मों पर यात्रियों की स्थिति और भीड़ प्रबंधन की निगरानी व्यवस्था देखी। उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।
इस दौरान पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने सांसद को छठ महापर्व के मद्देनजर किए गए विशेष इंतजामों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक दिन पूर्व गोरखपुर जंक्शन पर करीब दो लाख यात्रियों का आवागमन हुआ था। यात्रियों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुचारु रेल संचालन के लिए रेलवे प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।
निरीक्षण के दौरान सांसद प्रतिनिधि समरेन्द्र विक्रम सिंह, स्टेशन निदेशक रतनदीप गुप्ता सहित रेलवे के अधिकारी, पर्यवेक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment