<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Saturday, November 14, 2026

छठ महापर्व की खरीदारी से गुलजार हुआ महादेवा बाजार, फल दुकानों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


महादेवा, बस्ती। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर महादेवा चौराहे का बाजार पूरी तरह भक्तिमय माहौल में रंग गया है। पर्व नजदीक आते ही बाजार में रौनक बढ़ गई है। फल और पूजन सामग्री की दुकानों पर सुबह से देर शाम तक खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। खासकर व्रती महिलाओं में पूजा की सामग्री जुटाने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

महादेवा चौराहे पर फल विक्रेताओं ने आकर्षक ढंग से दुकानें सजाई हैं। सेब, केला, संतरा, अनार, नारियल, गन्ना, सिंघाड़ा और नींबू सहित छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाले फलों की खूब बिक्री हो रही है। सूप, दौरी और अन्य पूजन सामग्री की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई है। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए महादेवा पहुंच रहे हैं।

व्रती महिलाओं का कहना है कि छठ महापर्व में भगवान सूर्य और छठी मइया की पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है। पूजा में चढ़ाए जाने वाले फल और प्रसाद की खरीदारी पूरी श्रद्धा और परंपरा के अनुसार की जा रही है। पर्व को लेकर घरों में साफ-सफाई और प्रसाद तैयार करने की तैयारियां भी तेज हो गई हैं।

फल विक्रेता रंगीलाल, मनोज और राधे सोनकर ने बताया कि छठ पर्व के चलते इस बार बाजार में अच्छी बिक्री हो रही है। ग्राहकों की बढ़ती संख्या से कारोबार में तेजी आई है। मांग को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में ताजे फल मंगवाए गए हैं। दुकानदारों का कहना है कि पर्व के चलते बाजार में पिछले वर्ष की अपेक्षा अधिक चहल-पहल दिखाई दे रही है।

खरीदारों की भीड़ के बीच बाजार में कुछ फलों के दाम में मामूली बढ़ोतरी भी देखने को मिली, लेकिन श्रद्धालुओं के उत्साह पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। लोग अपनी जरूरत और सामर्थ्य के अनुसार पूजा की सामग्री खरीदते नजर आए।

छठ महापर्व को लेकर पूरे महादेवा क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल है। घरों से लेकर पूजा घाटों तक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच रही हैं। बाजार की बढ़ती रौनक और श्रद्धालुओं की आस्था ने पूरे क्षेत्र को छठमय बना दिया है।

No comments:

Post a Comment

Pages