<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Saturday, November 14, 2026

35 वर्षों से बिछड़ों को अपनों से मिला रहे जय प्रकाश गोस्वामी, छठ घाट पर खोया-पाया शिविर शुरू


बस्ती। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच किसी को अपनों से बिछड़ने की परेशानी न हो, इसके लिए समाचार पत्र वितरक जन कल्याण सेवा समिति की ओर से खोया-पाया शिविर की शुरुआत की गई। समिति के अध्यक्ष जय प्रकाश गोस्वामी के संयोजन में आयोजित शिविर का शनिवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता इंजीनियर अरविन्द पाल ने उद्घाटन किया।

शिविर का शुभारंभ करते हुए अरविन्द पाल ने कहा कि धार्मिक आयोजनों में इस तरह की सामाजिक पहल बेहद उपयोगी और सराहनीय है। छठ पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने परिवार के साथ घाटों पर पहुंचते हैं। भीड़ के बीच कई बार बच्चे और परिजन एक-दूसरे से बिछड़ जाते हैं। ऐसे में खोया-पाया शिविर उनके लिए बड़ी मदद साबित होता है। इस पहल से बिछड़े हुए लोगों को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाने में सहयोग मिलेगा।

उन्होंने कहा कि जय प्रकाश गोस्वामी पिछले 35 वर्षों से जनपद के विभिन्न मेलों और धार्मिक आयोजनों में खोया-पाया शिविर लगाकर निरंतर जनसेवा कर रहे हैं। बिना किसी स्वार्थ के जरूरतमंदों की मदद करना और बिछड़े लोगों को उनके परिवार से मिलाना समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता और सेवा भावना को दर्शाता है। उनका यह प्रयास दूसरों के लिए भी प्रेरणादायक है।

शिविर संयोजक जय प्रकाश गोस्वामी ने कहा कि छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए शिविर लगाया गया है। किसी बच्चे या व्यक्ति के बिछड़ने पर उसके परिजनों को काफी परेशानी होती है। ऐसे में शिविर के माध्यम से उन्हें जल्द से जल्द उनके परिवार से मिलाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि बिछड़े हुए बच्चे को उसके माता-पिता से मिलते देखना और उनके चेहरे पर खुशी लौटाना ही इस सेवा कार्य की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

उद्घाटन अवसर पर वरुण पाण्डेय, सच्चिदानन्द पाण्डेय, अभिनव उपाध्याय, रोहन दूबे, विवेकानन्द शुक्ल, सीए अजित चौधरी, नवीन पाल, दुर्गेश मिश्र, दीनदयाल तिवारी, बृजेश मिश्र, भूपेन्द्र चौधरी, मनमोहन श्रीवास्तव काजू, रविशंकर शुक्ल, प्रिन्स शुक्ल, राजेश्वर तिवारी, मनोज यादव, बब्लू तिवारी, प्रभात सोनी, शिब्लू पाण्डेय, राम अधार पाल, सन्तोष पाल, दिलीप पाण्डेय, गोविन्द पाण्डेय एवं विजय प्रकाश गोस्वामी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages