वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संस्कार भारती, बस्ती इकाई की ओर से सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, रामबाग में सामूहिक वंदे मातरम् गायन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यालय की छात्राओं ने पूरे उत्साह और राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्कार भारती गोरक्ष प्रांत की उपाध्यक्ष डॉ. कैप्टन पुष्पलता मिश्रा, बस्ती इकाई की अध्यक्ष पूर्णिमा तिवारी एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रियंका सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
मुख्य वक्ता डॉ. कैप्टन पुष्पलता मिश्रा ने कहा कि वंदे मातरम् भारत माता के प्रति श्रद्धा, समर्पण और राष्ट्रप्रेम की अभिव्यक्ति है। इसकी 150वीं वर्षगांठ स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का अवसर है। उन्होंने छात्राओं द्वारा पूरे वंदे मातरम् का कंठस्थ सामूहिक गायन प्रस्तुत करने पर प्रसन्नता जताई। कहा कि ज्ञान, संस्कार और देशभक्ति से परिपूर्ण छात्राएं राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं।
अध्यक्ष पूर्णिमा तिवारी ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय गौरव और मातृभूमि के प्रति आत्मीयता का भाव विकसित करते हैं।
इस अवसर पर संस्कार भारती की उपाध्यक्ष लता सिंह, रीता त्रिपाठी, उर्मिला पांडेय, ओमप्रकाश पांडेय, मीरा मिश्रा, सरिता शुक्ला, राधिका शुक्ला सहित संगठन के पदाधिकारी, विद्यालय की आचार्य बहनें, अभिभावक एवं छात्राएं मौजूद रहीं। अंत में प्रधानाचार्या प्रियंका सिंह ने अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रकल्याण की मंगलकामना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

No comments:
Post a Comment