<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, November 4, 2026

15वें बस्ती मैराथन के साथ पहली बार होगा ‘बस्ती खेल संगम’, 26 से 29 नवंबर तक होगा आयोजन


बस्ती। जनपद में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नेशनल एसोसिएशन ऑफ यूथ द्वारा 26 से 29 नवंबर तक ‘बस्ती खेल संगम 2026’ एवं ‘15वां बस्ती मैराथन’ आयोजित किया जाएगा। इस बार मैराथन के साथ तीन दिवसीय अंतर्विद्यालयी खेल प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। खास बात यह है कि आयोजन की सभी प्रतियोगिताओं और मैराथन में प्रतिभाग के लिए पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।

बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि बस्ती मैराथन लगातार 14 वर्षों से आयोजित किया जा रहा है और इस वर्ष यह अपने 15वें संस्करण में प्रवेश कर रहा है। इस विशेष अवसर को यादगार बनाने के लिए पहली बार मैराथन के साथ ‘बस्ती खेल संगम’ का आयोजन किया जा रहा है। इसमें जनपद के विभिन्न विद्यालयों की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिताओं में बैडमिंटन, कबड्डी, फुटबॉल और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल शामिल होंगे। इनका आयोजन अमर शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम में प्रस्तावित है।

आयोजन के तहत 26 नवंबर को उद्घाटन समारोह होगा। 26 से 28 नवंबर तक लगातार तीन दिनों तक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जबकि 29 नवंबर को 15वां बस्ती मैराथन होगा। इसी दिन समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में विजेता खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया जाएगा।

संस्था के संस्थापक अध्यक्ष भावेश पाण्डेय ने कहा कि बस्ती मैराथन के 15वें संस्करण को खास बनाने के लिए इस बार खेल संगम की नई पहल की गई है। इसका उद्देश्य जनपद के अधिक से अधिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ना और उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति किसी भी विद्यार्थी की प्रतिभा के प्रदर्शन में बाधा न बने, इसलिए सभी प्रतियोगिताओं और मैराथन में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।

उन्होंने बताया कि खेल संगम के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और खेल भावना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, मैराथन के जरिए लोगों को स्वास्थ्य, फिटनेस, नशामुक्ति और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

कार्यक्रम संयोजक राम प्रताप सिंह ने कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियां सामूहिक सहभागिता के साथ की जा रही हैं। उन्होंने जनपद के विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों, खेल संगठनों, अभिभावकों, युवाओं और सामाजिक संस्थाओं से इसमें बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।

प्रेस वार्ता में रामानुजेन्द्र पाण्डेय, क़ाज़ी फरजान, अनिल यादव, चंद्रभूषण कलहंस, रामजी पाण्डेय, ऋतुराज सिंह, हेमंत पाण्डेय, उत्तम दूबे, यथार्थ, शिवांश कुमार, देवांश सोमवंशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages