<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Saturday, October 31, 2026

पूर्वांचल को मिली बड़ी रेल सौगात, वाराणसी-दिल्ली के बीच शुरू हुई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन

- मुख्यमंत्री योगी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी, रातभर के सफर के बाद सुबह दिल्ली पहुंचेंगे यात्री, 10 मेमू ट्रेनों का भी शुभारंभ


वाराणसी। पूर्वांचल के रेल यात्रियों के लिए शनिवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। वाराणसी से नई दिल्ली के बीच बहुप्रतीक्षित वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का संचालन शुरू हो गया। बनारस रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संयुक्त रूप से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर वाराणसी सिटी-राजातालाब और बनारस-प्रयागराज के बीच नई रेल सेवाओं का भी शुभारंभ किया गया। इन सेवाओं के तहत कुल 10 मेमू ट्रेनों का संचालन प्रारंभ हुआ है।

नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से काशी और देश की राजधानी दिल्ली के बीच रेल यात्रा अधिक सुविधाजनक और समयबद्ध होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले वाराणसी से दिल्ली पहुंचने में 13 से 14 घंटे लगते थे, लेकिन अब वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से यह सफर महज आठ से नौ घंटे में पूरा होगा। यात्री रात में वाराणसी से रवाना होकर सुबह दिल्ली पहुंच सकेंगे। इसी तरह दिल्ली से रात में चलकर सुबह काशी पहुंचना संभव होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हो रही है। रेलवे केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि देश को उत्तर-दक्षिण और पूर्व-पश्चिम तक जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि नई रेल सेवाओं से छात्रों, किसानों, व्यापारियों, अधिवक्ताओं और महिलाओं को विशेष लाभ मिलेगा।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में यात्रियों के आराम के साथ रेल कर्मचारियों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है। ट्रेन में मध्य और ऊपरी बर्थ तक पहुंचने के लिए विशेष सीढ़ियों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने रेल कर्मचारियों को स्वच्छता और यात्रियों के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने की भी नसीहत दी।

रेल मंत्री ने बताया कि वाराणसी सिटी से राजातालाब के बीच आठ मेमू ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है। ये ट्रेनें वाराणसी, बनारस, भुलनपुर और हरदत्तपुर स्टेशनों पर रुकेंगी। वहीं बनारस से प्रयागराज के बीच दो मेमू ट्रेनें संचालित होंगी, जिनका ठहराव राजातालाब, माधोसिंह, ज्ञानपुर रोड, हंडिया खास और झूंसी स्टेशनों पर होगा। वाराणसी सिटी से राजातालाब तक मासिक सीजन टिकट का किराया 95 रुपये और बनारस से प्रयागराज तक 220 रुपये निर्धारित किया गया है।

रेल मंत्री ने दिल्ली-वाराणसी हाईस्पीड रेल कॉरिडोर का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इसके निर्माण के बाद दोनों शहरों के बीच की दूरी लगभग साढ़े तीन घंटे में तय की जा सकेगी। प्रस्तावित बुलेट ट्रेन कॉरिडोर दिल्ली से आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी और प्रयागराज होते हुए पटना से गुवाहाटी तक जाएगा।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, रविन्द्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्र दयालु, हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ रेल अधिकारी मौजूद रहे। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने अतिथियों का स्वागत किया।

No comments:

Post a Comment

Pages