बस्ती। कलवारी थाना क्षेत्र के धोबहट गांव निवासी आरती यादव पत्नी अशोक कुमार ने बंजर भूमि पर कथित कब्जा कर निर्माण कराने और उनके घर का रास्ता अवरुद्ध करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
आरती यादव ने बताया कि उनके मकान के पूर्व दिशा में स्थित भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। विवादित भूमि के बगल में गाटा संख्या 360 राजस्व अभिलेखों में डहर व बंजर भूमि के रूप में दर्ज है, जबकि वह गाटा संख्या 565 की आबादी भूमि पर मकान बनाकर रह रही हैं।
आरोप है कि गांव के ही अंबिका प्रसाद पुत्र स्वर्गीय राजेश यादव ने हाल में एक भूमि का बैनामा कराया है, लेकिन बैनामे में दर्ज भूमि और मौके की स्थिति में अंतर है। शिकायतकर्ता का कहना है कि बैनामा की गई भूमि के बजाय दूसरी भूमि पर जबरन कब्जा कर निर्माण कराया जा रहा है।
महिला ने आरोप लगाया कि सरकारी बंजर भूमि पर निर्माण किए जाने से उनके घर आने-जाने का रास्ता प्रभावित हुआ है। निर्माण के दौरान मिट्टी की दीवार और छप्पर को नुकसान पहुंचने तथा रास्ता अवरुद्ध किए जाने की भी शिकायत की गई है।
शिकायत में संबंधित व्यक्ति के प्रभावशाली परिजनों का उल्लेख करते हुए प्रभाव का इस्तेमाल कर कब्जे का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। महिला ने विरोध करने पर धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है।
आरती यादव ने प्रशासन से राजस्व विभाग द्वारा भूमि का स्थलीय निरीक्षण कराने, निर्माण कार्य रुकवाने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ खतौनी, बैनामा संबंधी दस्तावेज और भूमि की छायाप्रतियां भी संलग्न की गई हैं।

No comments:
Post a Comment