<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Saturday, October 17, 2026

कबड्डी में सैफई का दबदबा, दो वर्गों में जीती ट्रॉफी

- अंडर-14 और अंडर-17 में सैफई चैंपियन, अंडर-19 का खिताब अयोध्या मंडल के नाम


गोरखपुर। राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर आयोजित 70वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयी कबड्डी प्रतियोगिता में स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो आयु वर्गों में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग में सैफई की टीमों ने खिताबी जीत दर्ज की, जबकि अंडर-19 वर्ग की ट्रॉफी अयोध्या मंडल की टीम ने अपने नाम की। प्रतियोगिता के अंतिम दिन रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमखम, रणनीति और खेल भावना का परिचय दिया।

अंडर-14 वर्ग के फाइनल में स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई ने गोरखपुर मंडल को 48-22 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। तीसरे स्थान के मुकाबले में प्रयागराज ने अयोध्या को 13-5 से पराजित किया। अंडर-17 वर्ग के फाइनल में सैफई की टीम ने अपना दबदबा बरकरार रखते हुए प्रयागराज मंडल को 32-14 से शिकस्त दी। इस वर्ग में सहारनपुर ने मेरठ को 20-14 से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

अंडर-19 वर्ग के फाइनल में अयोध्या मंडल ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सहारनपुर को 34-8 के बड़े अंतर से हराया। वहीं, तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई ने आगरा को 19-6 से पराजित किया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार सिंह और कार्यक्रम अध्यक्ष पद्मश्री आचार्य विश्वनाथ तिवारी ने विजेता, उपविजेता तथा तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि अतुल कुमार सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाला प्रत्येक खिलाड़ी विजेता है। सफलता केवल पदक हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि चुनौतियों को अवसर में बदलने की क्षमता ही व्यक्ति को आगे बढ़ाती है। खेल खिलाड़ियों को असफलता से सीखने, दोबारा प्रयास करने और लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर संघर्ष करने की प्रेरणा देता है।

अध्यक्षीय संबोधन में पद्मश्री आचार्य विश्वनाथ तिवारी ने कहा कि खेल में अनुशासन, आपसी संवाद और लक्ष्य के प्रति समर्पण बेहद जरूरी है। खेल का वास्तविक उद्देश्य केवल जीतना या हारना नहीं, बल्कि हर परिस्थिति में उत्साह, जोश, त्याग और समर्पण की भावना बनाए रखना है।

आयोजन संयोजक संयुक्त शिक्षा निदेशक सतीश सिंह और जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। संयुक्त शिक्षा निदेशक ने कहा कि सभी के सहयोग से गोरखपुर में इस सत्र में चार राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन संभव हो सका। आयोजक प्रधानाचार्य डॉ. विश्व प्रकाश सिंह ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का संचालन लेडी प्रसन्न कौर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं माध्यमिक सेवा चयन बोर्ड के पूर्व सदस्य डॉ. दिनेश मणि ने किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. अरुण सिंह, मंडलीय क्रीड़ा सचिव अरुणेंद्र राय, संतोष सिंह, अभय प्रताप सिंह, मनोरमा रानी, शिव शंकर मल्ल, दुर्गा यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages