वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, संतकबीरनगर की ओर से न्यायालय सभागार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का संचालन प्राधिकरण की सचिव सुश्री अनन्या साह ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। स्वस्थ मन व्यक्ति की कार्यक्षमता, निर्णय लेने की क्षमता और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कामकाज की व्यस्तता और विभिन्न परिस्थितियों के कारण उत्पन्न होने वाले तनाव को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और सकारात्मक सोच स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने सभी से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञों की सलाह लेने की अपील की।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों ने मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. तवांगी मणि शुक्ला ने मानसिक स्वास्थ्य और मनोवैज्ञानिक समस्याओं पर प्रकाश डाला। मनोचिकित्सक डॉ. अमरेंद्र कुमार आनंद ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व और तनाव प्रबंधन के उपायों की जानकारी दी। वहीं, ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. एस.पी. सिंह ने शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यायाम और उपयोगी गतिविधियों के बारे में बताया।
विशेषज्ञों ने नियमित व्यायाम, संतुलित दिनचर्या और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता अपनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारीगण और कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment