गोरखपुर। बेलीपार थाना क्षेत्र में महिला की मौत के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने गुरुवार को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी रवि निषाद निवासी चंदौली बुजुर्ग के दाहिने पैर में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए पहले सीएचसी कौड़ीराम ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसकी पत्नी मीरा पाण्डेय को जान से मारने की नीयत से धक्का दे दिया था। सड़क पर गिरने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में बेलीपार थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली कि मामले में वांछित रवि निषाद कसिहार बंधे के पास मौजूद है। सूचना पर बेलीपार पुलिस ने एसओजी, स्वाट, सर्विलांस और एंटी थेफ्ट टीमों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि आत्मसमर्पण के लिए कहने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के कब्जे से एक देसी तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर बेलीपार थाने में एक अन्य मुकदमा धारा 109 बीएनएस तथा आयुध अधिनियम की धारा 3/25/27 के तहत दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ बेलीपार थाने में पूर्व के अन्य मुकदमे भी दर्ज हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में बेलीपार थानाध्यक्ष राजकुमार बरवार, एसओजी प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार राय, एंटी थेफ्ट प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार राय, स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक पुरुषोत्तम सिंह, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक छोटेलाल राय सहित बेलीपार पुलिस और विभिन्न टीमों के जवान शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment