वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। कृषि विज्ञान केंद्र, बस्ती में कृषि विभाग की ओर से महिला किसान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री डॉ. रोली सिंह ने महिला किसानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं को घर से बाहर निकलकर हर क्षेत्र में बढ़-चढ़कर भागीदारी करनी चाहिए। इससे वे आत्मनिर्भर बनेंगी और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी योगदान दे सकेंगी।
कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. एसके तोमर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य महिला किसानों को कृषि एवं कृषि आधारित उद्यमों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूक करना और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर उनकी आय बढ़ाना है।
संयुक्त कृषि निदेशक रामवचन राम ने महिला किसानों को उन्नत फसल उत्पादन तकनीक, एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन, पोषण वाटिका, मशरूम उत्पादन और कृषि आधारित स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी। उप कृषि निदेशक अशोक कुमार ने नवीन तकनीकों को अपनाकर उत्पादन लागत कम करने तथा कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन कर अतिरिक्त आय अर्जित करने के लिए प्रेरित किया।
भाजपा के मंडल अध्यक्ष शिव प्रसाद चौधरी ने कहा कि महिलाएं कृषि कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। उन्हें आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए तो वे कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. प्रेम शंकर ने पादप सुरक्षा, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा कृषि आधारित रोजगार की संभावनाओं पर जानकारी दी। वैज्ञानिक डॉ. वीबी सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस दौरान आरबी सिंह, हरिओम मिश्रा और डॉ. अंजलि वर्मा सहित केंद्र के अन्य वैज्ञानिकों ने महिला किसानों को वैज्ञानिक कृषि पद्धतियां अपनाने और कृषि आधारित उद्यमों से आय बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में जनपद की 252 महिला किसानों ने प्रतिभाग किया।

No comments:
Post a Comment