<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Saturday, October 31, 2026

चिकित्सकों की समाज के प्रति भूमिका बेहद महत्वपूर्ण - वैभव श्रीवास्तव

- आईएमए की बैठक में चिकित्सकों की एकजुटता पर जोर, आठ चिकित्सक सम्मानित


बस्ती। स्टेशन रोड स्थित एक होटल के सभागार में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की ओर से अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव के संयोजन में आयोजित बैठक को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि पढ़ाई से लेकर प्रैक्टिस तक चिकित्सक का सफर बेहद कठिन होता है। समाज के प्रति चिकित्सकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके समर्पण और सेवाभाव से ही समाज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलती हैं।

मंडलायुक्त ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान चिकित्सकों की एकजुटता और सेवाभाव ने महामारी के प्रभाव को कम करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस दौरान कई चिकित्सकों ने ड्यूटी करते हुए अपने प्राणों की आहुति भी दी। कोरोना काल में चिकित्सकों के योगदान ने चिकित्सा पेशे के महत्व और सम्मान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने सभी चिकित्सकों को समाज के प्रति उनके योगदान के लिए शुभकामनाएं दीं।

आईएमए अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि चिकित्सक समाज का महत्वपूर्ण अंग हैं, लेकिन कुछ मामलों में लोग चिकित्सकों की भूमिका को नजरअंदाज कर हिंसा पर उतर आते हैं। अस्पतालों और चिकित्सकों को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं से चिकित्सा जगत में असुरक्षा का माहौल पैदा होता है। इससे चिकित्सकों का मनोबल और कार्यक्षमता प्रभावित होती है। असुरक्षित वातावरण का सीधा असर मरीजों के उपचार पर पड़ता है और इससे मृत्यु दर बढ़ने की आशंका रहती है। उन्होंने चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में चिकित्सकों ने एकजुट होकर बस्ती में आईएमए भवन के लिए भूमि आवंटित किए जाने की मांग उठाई, ताकि संगठन की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं क्रियाशील बनाया जा सके। इस दौरान मुख्य अतिथि मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव तथा विशिष्ट अतिथि सीएमओ डॉ. राजीव निगम को स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए आईएमए के आठ सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। इनमें डॉ. कैप्टन पीएल मिश्रा, डॉ. ऊषा सिंह, डॉ. अलका शुक्ला, डॉ. नीलम सिंह, चिकित्सा शिक्षा के कार्यक्रमों के आयोजन में योगदान के लिए डॉ. एपीडी द्विवेदी, डॉ. पीएन सिंह, डॉ. एनके श्रीवास्तव और डॉ. एसके अरोरा शामिल रहे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. अश्वनी कुमार ने किया। इस अवसर पर सचिव डॉ. नवीन चौधरी, डॉ. अश्वनी सिंह, डॉ. प्रमिला सिंह, पूर्व अध्यक्ष डॉ. नवीन श्रीवास्तव, डॉ. शशि श्रीवास्तव, डॉ. केके तिवारी, डॉ. जीएम शुक्ला, डॉ. सुनील तिवारी, डॉ. शालू तिवारी, डॉ. रंगजी द्विवेदी, डॉ. फिरोज खान, डॉ. बृजेश पाल, डॉ. आशीष नारायण त्रिपाठी, डॉ. सीमा त्रिपाठी, डॉ. अनिल चौधरी, डॉ. सीमा चौधरी, डॉ. आदित्य धर द्विवेदी, डॉ. सत्येंद्र रॉय, डॉ. आसिम फारूकी, डॉ. लालमणि पाल, डॉ. नवीन मौर्या, डॉ. मुश्ताक अहमद खान सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages