बस्ती। प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में 30 अक्टूबर से 3 नवंबर तक आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए बस्ती मंडल की 70 सदस्यीय खिलाड़ी टीम गुरुवार को बस्ती रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। टीम में 36 बालक और 34 बालिकाएं शामिल हैं। मंडल के तीनों जिलों से चयनित खिलाड़ी प्रतियोगिता में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता में बस्ती जिले से 36 खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें 20 बालिकाएं और 16 बालक हैं। वहीं संतकबीरनगर से 20 खिलाड़ी, जिनमें सात बालिकाएं और 13 बालक तथा सिद्धार्थनगर से 14 खिलाड़ी, जिनमें सात बालिकाएं और सात बालक प्रतिभाग करेंगे। सभी खिलाड़ी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर मंडल का नाम रोशन करने के उद्देश्य से रवाना हुए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मंडल के खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय देंगे।
संयुक्त शिक्षा निदेशक, प्रयागराज के आदेश पर बस्ती के शारीरिक शिक्षक प्रभाकर रंजन ओझा की विशेष ड्यूटी प्रतियोगिता में लगाई गई है। वह प्रतियोगिता के दौरान निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। बालिका टीम की मैनेजर पूर्णिमा तिवारी और रेखा तथा बालक टीम के मैनेजर शैलेंद्र कुमार और विनय कुमार शाह हैं।
टीम के साथ कोच के रूप में जोखू प्रसाद, राजकुमार यादव, हरीश सिंह और प्रभाकर सिंह भी रवाना हुए हैं। मंडल के खिलाड़ी अमित कुमार यादव, रमेश चंद्र गुप्ता और विवेक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।

No comments:
Post a Comment