वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। परिवहन विभाग की विभिन्न सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 31 अक्टूबर 2026, शनिवार को जनपद में परिवहन मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में वाहन स्वामियों और आम नागरिकों को वाहन पंजीकरण, फिटनेस, परमिट नवीनीकरण, लंबित कर एवं बकाया जमा करने, शास्ति में छूट, एचएसआरपी चालान तथा ड्राइविंग लाइसेंस में मोबाइल नंबर अपडेट कराने सहित विभिन्न सेवाओं की जानकारी और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) माला बाजपेयी ने बताया कि परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रदेश के सभी मंडल मुख्यालयों पर चरणबद्ध तरीके से परिवहन मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य परिवहन विभाग की सेवाओं को सरल, सुगम और समयबद्ध तरीके से नागरिकों तक पहुंचाने के साथ राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति करना है।
मेले में वाहन स्वामियों के लंबित कर और अन्य बकायों की वसूली, अग्रिम कर एवं वन टाइम टैक्स जमा करने तथा पात्र वाहन स्वामियों को बकाये पर शास्ति में छूट का लाभ दिलाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा पुराने स्क्रैप किए गए वाहनों के स्थान पर नए वाहनों के तत्काल पंजीकरण में सहायता दी जाएगी। परिवहन विभाग की ऑनलाइन सेवाओं और एटीएस, आरवीएसएफ, एडीटीसी तथा एचएसआरपी जैसी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
इसके लिए बकाया वसूली, शास्ति छूट, पंजीकरण, फिटनेस, परमिट और स्क्रैपेज से संबंधित अलग-अलग काउंटर बनाए जाएंगे। माला बाजपेयी ने जनपद के नागरिकों और वाहन स्वामियों से परिवहन मेले में पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

No comments:
Post a Comment