वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 में मतदान करने के लिए पात्र कर्मचारियों को 23 अक्टूबर को विशेष आकस्मिक अवकाश मिलेगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन अनुभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में मतदान करने वाले जनपद के ऐसे कर्मचारी, जो इस निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता हैं, उन्हें मतदान दिवस पर विशेष आकस्मिक अवकाश प्रदान किया जाएगा।
आदेश में संबंधित कर्मचारियों के नियंत्रक प्राधिकारियों और कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि वे इसका अनुपालन सुनिश्चित करें तथा पात्र मतदाताओं को मतदान के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश की सुविधा उपलब्ध कराएं। इसका उद्देश्य पात्र कर्मचारियों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर प्रदान करना है।
No comments:
Post a Comment