वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
हाटा (कुशीनगर)। हाटा विधानसभा क्षेत्र में रविवार को आयोजित महा-शपथ समारोह में अभय प्रताप राव के समर्थन में हजारों युवाओं ने एकजुट होकर 2027 के विधानसभा चुनाव में उन्हें विधायक बनाने का संकल्प लिया। श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मशालों के साथ शपथ, नारों और बहनों द्वारा रक्षा-सूत्र बांधकर समर्थन जताने के दृश्यों ने युवा नेतृत्व की राजनीतिक दावेदारी को नई धार दी।
‘युवाओं की अस्मिता, युवाओं का सम्मान, युवाओं का प्रत्याशी’ के उद्घोष के बीच अभय प्रताप राव ने कहा कि हाटा की मिट्टी से उनका रिश्ता केवल जन्मभूमि का नहीं, बल्कि सेवा और जिम्मेदारी का है। उच्च शिक्षा प्राप्त करने, मानव संसाधन में एमबीए करने और बहुराष्ट्रीय कंपनी में अवसर मिलने के बावजूद उन्होंने अपने क्षेत्र में रहकर समाज के लिए काम करने का रास्ता चुना।
उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और खेल के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। युवा केवल भीड़ नहीं, बल्कि समाज और राजनीति की दिशा तय करने वाली शक्ति हैं। उन्होंने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में अवसर नहीं मिलने के बावजूद संगठन के प्रति निष्ठा बनाए रखने और पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में काम करने का उल्लेख किया।
समारोह में बहनों ने रक्षा-सूत्र बांधकर उनके प्रति विश्वास जताया। अभय प्रताप राव ने इसे सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी बताते हुए महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा तथा सम्मान को प्राथमिकता देने की बात कही। मशालों के साथ युवाओं ने सम्मान, स्वाभिमान, एकता और क्षेत्र के विकास के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने की शपथ ली।
ग्राम रधिया, पोस्ट हाटा निवासी अभय प्रताप राव पूर्व जिला पंचायत सदस्य शंभू प्रताप राव के पुत्र हैं। कार्यक्रम में नायब खान, सुभाष राव, कमलेश राव, नागेंद्र पांडेय, महेंद्र यादव, शंभू राव, सुशील कुमार, गरिमा सिंह, पंकज तिवारी, अमित सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।
समारोह के जरिए समर्थकों ने 2027 के चुनाव में अभय प्रताप राव की दावेदारी को मजबूती से सामने रखा। अब इस उत्साह को व्यापक जनसमर्थन में बदलना उनके लिए अहम चुनौती होगी।

No comments:
Post a Comment