वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक हुई। अधिकारियों ने परीक्षा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि जनपद में 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर 2026 को दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। परीक्षा के लिए जिले में 34 केंद्र बनाए गए हैं। सुचारु संचालन और निगरानी के लिए 34 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 34 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। प्रत्येक पाली में लगभग 13 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। अभ्यर्थियों के प्रवेश, बैठने, पेयजल और क्लाक रूम सहित अन्य जरूरी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने और केंद्रों की लगातार निगरानी करने को कहा। मुख्य चिकित्साधिकारी को प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, सीएमओ डॉ. राजीव निगम, मुख्य कोषाधिकारी अशोक कुमार प्रजापति, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment