संतकबीरनगर। पुलिस लाइन संतकबीरनगर में पुलिस अधिकारियों और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। गुरुवार को नवनिर्मित पुलिस गेस्ट हाउस (अतिथि गृह) का उद्घाटन अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन राम कुमार और पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से हवन-पूजन के बाद फीता काटकर किया गया। उद्घाटन के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने अतिथि गृह का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
नवनिर्मित अतिथि गृह के तैयार होने से विभागीय कार्यों के सिलसिले में संतकबीरनगर आने वाले वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और अन्य आगंतुकों को ठहरने के लिए बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी। इससे पुलिस लाइन में आवासीय व्यवस्थाएं अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित होंगी तथा विभागीय कार्यों के संचालन में भी सहूलियत मिलेगी।
एडीजी ने की गेस्ट हाउस की भव्यता की सराहना
निरीक्षण के दौरान एडीजी राम कुमार ने नवनिर्मित पुलिस गेस्ट हाउस की भव्यता और सुंदरता की सराहना की। उन्होंने इस पहल के लिए पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के प्रयासों की प्रशंसा की और डीआईजी बस्ती परिक्षेत्र सहित संबंधित अधिकारियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने पुलिस विभाग की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।
- पुलिसकर्मियों की फिटनेस के लिए विकसित जिम का भी निरीक्षण
गेस्ट हाउस के उद्घाटन के बाद एडीजी राम कुमार ने पुलिस लाइन में नवनिर्मित जिम का निरीक्षण किया। उन्होंने जिम में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं की सराहना की। पुलिस लाइन में जिम की सुविधा पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से फिट रखने और उनकी कार्यक्षमता बेहतर बनाने में सहायक होगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी यातायात अमित कुमार, प्रतिसार निरीक्षक रामबली यादव तथा पुलिस अधीक्षक के पीआरओ पीके गुप्ता सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
यह पहल पुलिस लाइन में सुविधाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे विभागीय कार्यों के लिए आने वाले अधिकारियों को बेहतर आवासीय सुविधा मिलने के साथ पुलिसकर्मियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं में भी वृद्धि होगी।

No comments:
Post a Comment