गोरखपुर। रेलवे स्टेशनों पर अवैध गतिविधियों और शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की मऊ चौकी पुलिस ने वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 10 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत एक हजार रुपये बताई गई है।
जीआरपी पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर को वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पूर्वी छोर पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर आरोपी को पकड़ा गया। उसकी पहचान वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र के परानापुर निवासी विक्की करवल उर्फ राजू (35) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से प्लास्टिक की पिपिया में रखी 10 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने खर्च चलाने के लिए कादीपुर रेलवे स्टेशन के आसपास कच्ची शराब बेचता था। घटना के दिन वह वाराणसी सिटी स्टेशन के आसपास शराब बेचने आया था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मऊ थाने में मु0अ0सं0 72/26 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60 में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई रेलवे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सवि रत्न गौतम के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल रंजीत कुमार सिंह और कांस्टेबल मुकेश कुमार शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment