वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ (नरसा) द्वारा खिलाड़ियों को उपलब्ध कराए जा रहे अत्याधुनिक संसाधनों और प्रशिक्षण का असर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में लगातार दिखाई दे रहा है। हुबली में आयोजित 57वीं अखिल भारतीय रेलवे क्रॉस कंट्री महिला एवं पुरुष चैम्पियनशिप-2026 में पूर्वोत्तर रेलवे की महिला खिलाड़ियों ने ओवरऑल चैम्पियनशिप में द्वितीय स्थान हासिल कर रजत पदक जीता।
प्रतियोगिता में पूर्वोत्तर रेलवे की पूजा वर्मा, नन्दिनी गुप्ता, रेबी पाल और डिम्पल सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, कोलकाता में आयोजित 91वीं अखिल भारतीय रेलवे महिला एवं पुरुष एथलेटिक्स चैम्पियनशिप-2026 में पूर्वोत्तर रेलवे के एथलीटों ने कुल पांच पदक हासिल किए।
वन्दना ने रेस वाक् मैराथन में रजत पदक जीता। पूजा वर्मा ने 10,000 मीटर रेस, नन्दिनी गुप्ता ने 5,000 मीटर रेस और रेबी पाल ने 3,000 मीटर स्टीपलचेज़ में कांस्य पदक हासिल किया। पुरुष वर्ग में नीरज कुमार चौरसिया ने हाफ मैराथन रेस वाक् में कांस्य पदक जीता।
खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबन्धक एवं नरसा के संरक्षक उदय बोरवणकर, अपर महाप्रबन्धक विनोद कुमार शुक्ल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण एवं नरसा अध्यक्ष अनुज मित्तल, महासचिव अक्षय मिश्रा सहित नरसा पदाधिकारियों ने बधाई दी। क्रॉस कंट्री सचिव जय प्रकाश, एथलेटिक्स सचिव अनुज मिश्रा, सहायक क्रीड़ाधिकारी चन्द्र विजय सिंह तथा कोच जवाहर प्रसाद ने भी खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

No comments:
Post a Comment