वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों से प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण, लंबित प्रकरणों तथा शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान आईजीआरएस पोर्टल पर उपलब्ध अद्यतन आंकड़ों का प्रस्तुतीकरण भी किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण महज औपचारिकता न हो, बल्कि गुणवत्तापूर्ण और शिकायतकर्ता के लिए संतोषजनक होना चाहिए। सभी विभागाध्यक्ष आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायती संदर्भों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण के बाद शासन स्तर से शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लिया जाता है। इसलिए अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि शिकायतकर्ता को वास्तविक एवं संतोषजनक समाधान मिले, जिससे सकारात्मक फीडबैक प्राप्त हो और जनपद की रैंकिंग बेहतर हो सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से जनशिकायतों के प्रति संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्य करने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, उमाकांत तिवारी, अहमद फरीद खान, राजेश यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, ईडीएम सौरभ द्विवेदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment