वाराणसी। रेल यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन ने 15 सितम्बर 2026 को कोचिंग डिपो, बनारस का निरीक्षण किया। उनके साथ वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (सीएंडडब्ल्यू) अभिषेक राय भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने कोच अल्टरेशन इंस्ट्रक्शन (सीएआई) की अद्यतन स्थिति और उसके अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की। कोचिंग डिपो अधिकारी हरिशंकर कुमार ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभिन्न मॉडिफिकेशन कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी।
श्री जैन ने सेंटर बफर कप्लर (सीबीसी) की कार्यप्रणाली, लोको एवं पावर कार में लगे वर्टिकल रेस्ट्रिक्टर तथा वेस्टीब्यूल फॉल प्लेट के संयोजन और उनमें किए जा रहे मॉडिफिकेशन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कोच की खिड़कियों में लगी एल्यूमिनियम बार/रॉड तथा इमरजेंसी विंडो के रिप्लेसमेंट कार्य की प्रगति भी जाँची।
मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को सुरक्षा संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने तथा रेलवे बोर्ड और अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) द्वारा निर्धारित तकनीकी एवं संरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेकेनाइज्ड लॉन्ड्री की क्षमता बढ़ाने के लिए नई बिल्डिंग के निर्माण और रेनोवेशन कार्य की भी समीक्षा की।
श्री जैन ने कार्यों की नियमित निगरानी, गुणवत्ता सुनिश्चित करने और लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कोचिंग डिपो में किए जा रहे सभी तकनीकी कार्यों में गुणवत्ता, संरक्षा और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। निरीक्षण के दौरान कोचिंग डिपो अधिकारी हरिशंकर कुमार गुप्ता सहित संबंधित वरिष्ठ पर्यवेक्षक मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment