वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप जिला मजिस्ट्रेट कीर्ति प्रकाश भारती ने की। उन्होंने बताया कि 6 जनवरी 2026 को अंतिम रूप से प्रकाशित निर्वाचक नामावलियों की हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को बैठक में उपलब्ध करा दी गई थी।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार वर्तमान में उक्त निर्वाचक नामावलियों का निरंतर पुनरीक्षण चल रहा है। यदि कोई पात्र शिक्षक निर्वाचक नामावली में अपना नाम शामिल कराने से वंचित रह गया है तो वह फार्म-19 ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन भर सकता है। फार्म-19 को जिला विद्यालय निरीक्षक से प्रतिहस्ताक्षरित कराने के बाद संबंधित पदाभिहित अधिकारी/उप जिलाधिकारी अथवा जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, बस्ती में जमा किया जा सकता है।
बैठक में बताया गया कि निर्वाचक नामावली में शामिल किसी नाम के विरुद्ध आपत्ति दर्ज कराने के लिए फार्म-7 भरकर प्रस्तुत किया जा सकता है। वहीं, वर्तमान निर्वाचक नामावली में किसी मतदाता का नाम, पिता का नाम, उम्र, शिक्षण संस्थान का नाम, फोटो आदि में त्रुटि होने पर फार्म-8 भरकर संशोधन के लिए जमा किया जा सकता है।
बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगण, उप जिलाधिकारी राजेश यादव, सहायक निर्वाचन अधिकारी ओम प्रकाश, वरिष्ठ प्रधान सहायक अजय पाण्डेय, वरिष्ठ सहायक पीयूष, परमहंस सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment