वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। जनपद स्तरीय अधिकारियों, क्रेताओं एवं विक्रेताओं को सरकारी ई-बाजार (जेम) पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन एवं उपयोग के संबंध में प्रशिक्षण देने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विभिन्न विभागों के आहरण-वितरण अधिकारियों, जनपद स्तरीय अधिकारियों तथा विक्रेताओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यशाला में जेम प्रशिक्षक निखिल राय ने सरकारी ई-बाजार पोर्टल के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी विभागों एवं उनके अधीनस्थ संस्थाओं में शासकीय खरीद जेम पोर्टल के माध्यम से किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने पोर्टल की कार्यप्रणाली, खरीद प्रक्रिया तथा इससे संबंधित विभिन्न प्रावधानों की जानकारी अधिकारियों एवं विक्रेताओं को दी।
प्रशिक्षक ने बताया कि जेम पोर्टल एक प्रगतिशील पोर्टल है, जिसमें आवश्यकतानुसार नई सुविधाओं और कार्यप्रणालियों को लगातार शामिल किया जाता है। वर्तमान में जेम पोर्टल को जेम 2.0 में उन्नत किया जा रहा है। इसके माध्यम से पोर्टल की कार्यप्रणाली में कई सकारात्मक बदलाव किए जाएंगे, जिससे सरकारी खरीद प्रक्रिया को और अधिक सुविधाजनक एवं प्रभावी बनाया जा सकेगा।
कार्यशाला के दौरान प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जेम पोर्टल की विभिन्न प्रक्रियाओं और सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान जनपद स्तरीय अधिकारियों, क्रेताओं और विक्रेताओं ने पोर्टल से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका प्रशिक्षक निखिल राय ने विस्तार से उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
कार्यशाला में जिला विकास अधिकारी रुक्मणी वर्मा, उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार वर्मा, उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह, जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के आहरण-वितरण अधिकारी, जनपद स्तरीय अधिकारी एवं विक्रेता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment