गोरखपुर। यात्रियों की सुरक्षा और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी चौकी औड़िहार, थाना मऊ की पुलिस टीम ने छह वर्षों से फरार चल रहे एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक रेलवे गोरखपुर लक्ष्मी निवास मिश्र के निर्देश एवं पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया रवि रत्न गौतम के पर्यवेक्षण में जीआरपी चौकी औड़िहार पुलिस ने सोमवार को यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर वारंटी अभियुक्त अनिल जायसवाल (38) पुत्र दुर्गा जायसवाल निवासी लहरतारा नई बस्ती, थाना मंडुआडीह, वाराणसी को उसके घर से गिरफ्तार किया गया।
अभियुक्त के विरुद्ध मुकदमा संख्या 961/17, धारा 380/411 भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज है। इस मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गाजीपुर द्वारा जारी वारंट के अनुपालन में पुलिस ने गिरफ्तारी की। इसके बाद अभियुक्त को न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गाजीपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में जीआरपी चौकी औड़िहार के प्रभारी उपनिरीक्षक आलोक कुमार राय और उपनिरीक्षक अभय कुमार पाण्डेय शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment