वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) एवं प्रभारी अधिकारी (आपदा) जयप्रकाश ने तहसील गोला क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित ग्राम कोटिया निरंजन, बल्थर, ज्ञानकोल और बगहा का निरीक्षण किया। उन्होंने नाव से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर मौके की स्थिति का जायजा लिया तथा स्थानीय लोगों से वार्ता कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार कम्युनिटी किचन के माध्यम से गर्म पका भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को लगातार चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए क्षेत्र में स्वास्थ्य कैंप आयोजित किए जाएं और स्वास्थ्य विभाग की टीमें नियमित रूप से लोगों की जांच एवं उपचार सुनिश्चित करें।
उन्होंने पशु चिकित्सा विभाग के चिकित्सकों को निर्देश दिया कि वे पशुपालकों के निरंतर संपर्क में रहें तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए चारा, उपचार और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएं।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित समुदाय के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखा जाए और किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त संख्या में नावों की व्यवस्था करने तथा राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए।

No comments:
Post a Comment