वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के कोचिंग डिपो एवं विभिन्न इकाइयों में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा का पूजन समारोह श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन कर सभी को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कोचिंग डिपो, बनारस सहित विभिन्न इकाइयों में कर्मचारियों ने कार्यस्थलों की साफ-सफाई एवं साज-सज्जा की। पूजा स्थलों को फूल-पत्तियों, रंग-बिरंगी झंडियों एवं विद्युत लाइटों से सजाया गया। मंडल रेल प्रबंधक एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न इकाइयों में पूजा-अर्चना के साथ कर्मचारियों से आत्मीय संवाद भी किया।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की आराधना कौशल, गुणवत्ता, नवाचार, परिश्रम एवं सृजनशीलता के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देती है। रेलवे की सुरक्षित, सुचारु एवं समयबद्ध सेवा सुनिश्चित करने में कोचिंग डिपो, वर्कशॉप एवं अन्य अनुरक्षण इकाइयों के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने गुणवत्ता एवं संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे की संपत्ति और संसाधनों के बेहतर रखरखाव का संकल्प लेने का आह्वान किया।
पूजन समारोह में वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (सी एंड डब्ल्यू) अभिषेक राय, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ईएनएचएम) अनुभव पाठक, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर (समन्वय) यशवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (कर्षण) सौरभ राठौर, मंडल यांत्रिक इंजीनियर विनीत रंजन, कोचिंग डिपो अधिकारी हरिशंकर कुमार सहित पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। दिनभर विभिन्न इकाइयों में श्रद्धा एवं उत्साह का वातावरण बना रहा।

No comments:
Post a Comment