वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। थाना महुली के थानाध्यक्ष दुर्गेश पाण्डेय को कर्तव्यनिष्ठा, बेहतर कार्यशैली और पुलिसिंग में उल्लेखनीय योगदान के लिए पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने ‘कॉप ऑफ द मंथ’ के तहत प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया है।
प्रशस्ति-पत्र में पुलिस अधीक्षक ने उल्लेख किया है कि थाना महुली के थानाध्यक्ष पद पर तैनाती के दौरान दुर्गेश पाण्डेय ने व्यक्तिगत रुचि लेकर अपने दायित्वों एवं कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा और लगन के साथ निर्वहन किया। उनके नेतृत्व में सौंपे गए कार्यों का प्रभावी ढंग से निष्पादन किया गया।
प्रशस्ति-पत्र के अनुसार जुलाई माह में जुआ अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, गुंडा एक्ट, मोटर वाहन अधिनियम एवं 34 पुलिस एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ने इन कार्यों को सराहनीय बताते हुए इसे उनकी कार्यकुशलता, मेहनत, लगन, सूझ-बूझ तथा शासन के प्रति प्रतिबद्धता का परिचायक बताया।
एसपी संदीप कुमार मीना ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे भी पूरी मनोयोग एवं प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए जनपद की प्रतिष्ठा, गरिमा और पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत करने में योगदान देते रहेंगे।

No comments:
Post a Comment