वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
लखनऊ। पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं आजाद अधिकार सेना के अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल को पत्र लिखकर उनके स्वतंत्र रूप से सार्वजनिक जीवन में प्रवेश करने के निर्णय का स्वागत किया है।
अमिताभ ठाकुर ने कहा कि स्थापित राजनीतिक दलों से अलग रहकर नागरिकों के बीच से नई राजनीतिक पहल शुरू करना स्वागत योग्य कदम है। उन्होंने कहा कि नागरिक अधिकार, जवाबदेही और संवैधानिक मूल्यों को राजनीति से जोड़ना उनके सार्वजनिक जीवन का निरंतर प्रयास रहा है और आजाद अधिकार सेना भी इसी उद्देश्य के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्र रूप से काम करने वाले राजनीतिक प्रयासों के कुछ मूल सरोकार समान हों तो एक-दूसरे के प्रयासों का संज्ञान लेना और उनका सम्मान करना लोकतांत्रिक दृष्टि से उचित है।
अपने पत्र में अमिताभ ठाकुर ने स्पष्ट किया कि यह किसी औपचारिक राजनीतिक प्रस्ताव अथवा तत्काल प्रतिक्रिया की अपेक्षा से नहीं लिखा गया है। उन्होंने दिव्या मित्तल के साथ स्वतंत्र राजनीति, नागरिक भागीदारी और उत्तर प्रदेश के भविष्य से जुड़े अनुभवों एवं विचारों को साझा करने की इच्छा व्यक्त की।
अमिताभ ठाकुर ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और स्वतंत्र राजनीतिक पहल सार्वजनिक विमर्श को नए आयाम दे सकती है।

No comments:
Post a Comment