वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। दो अक्टूबर को मनाई जाने वाली महात्मा गांधी जयंती की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि गांधी जयंती से पहले सभी सरकारी भवनों, कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और मलिन बस्तियों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। प्रमुख स्थानों पर रामधुन बजाने, महात्मा गांधी के चित्र का अनावरण एवं माल्यार्पण तथा रात में प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर को सुबह सात बजे हीरालाल इंटर कॉलेज से चंद्रशेखर आजाद तिराहा तक प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जो वापस हीरालाल इंटर कॉलेज पहुंचकर समाप्त होगी। सुबह आठ बजे सभी राजकीय भवनों और शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके बाद आजादी की रक्षा और राष्ट्र की एकता से संबंधित संकल्प दिलाया जाएगा।
नगर निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में श्रमदान के जरिए सफाई कराने तथा लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पार्क या कार्यालय परिसर का चयन कर पौधरोपण कराने को कहा गया।
बैठक में सीएमओ डॉ. रामानुज कनौजिया, एसडीएम क्षिप्रा पाल, सीओ यातायात अमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, नगर निकायों के प्रतिनिधि और अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment