बस्ती। नगर पंचायत नगर के भगत सिंह नगर वार्ड भैरोपुर निवासी चार दिव्यांग बच्चों के परिवार को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल पर नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना का आभार जताया है। उन्होंने जिलाधिकारी को कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता की प्रतिमूर्ति बताते हुए कहा कि जरूरतमंद परिवार के प्रति प्रशासन ने सामाजिक सरोकारों का आदर्श प्रस्तुत किया है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने इस परिवार की स्थिति का संज्ञान लेते हुए 15 मार्च 2024 को गुड़िया पाण्डेय को नगर पंचायत अध्यक्ष के विवेकाधीन कोष से पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया था। इसके अलावा समय-समय पर परिवार को कपड़े और खाद्य सामग्री भी उपलब्ध कराई जाती रही है।
उन्होंने बताया कि परिवार को आवास के लिए जमीन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभासद, नगर पंचायत प्रशासन और संबंधित राजस्व कर्मियों को जमीन तलाशने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन जमीन की उपलब्धता नहीं हो सकी। अब कांशीराम आवास, राशन कार्ड, पेंशन, गैस कनेक्शन और बच्चों की पढ़ाई जैसी सुविधाएं मिलने से परिवार को राहत मिलने की उम्मीद है।
नीलम सिंह राना ने कहा कि जिलाधिकारी की इस पहल से जरूरतमंद परिवार को सम्मानजनक जीवन जीने में मदद मिलेगी। उन्होंने इस प्रकरण को शासन-प्रशासन के संज्ञान में लाने तथा परिवार की सहायता के लिए सहयोग करने वाले मीडिया कर्मियों और समाजसेवियों का भी आभार जताया।

No comments:
Post a Comment