- हर्रैया में युवक को कार में बंधक बनाकर धमकाया, पिस्टल व चार कारतूस समेत नकदी बरामद
बस्ती। हर्रैया थाना क्षेत्र में एक युवक को अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, मारपीट व जान से मारने की धमकी देकर एक लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराने और 20 हजार रुपये नकद लूटने के मामले में हर्रैया व छावनी पुलिस की संयुक्त टीम ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, 17,140 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल तीसरे आरोपित की तलाश की जा रही है।
- पेट्रोल पंप पर बुलाकर स्कूल ले गए
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को थाना छावनी क्षेत्र के शंभूपुरा निवासी नीरज दुबे ने तहरीर दी थी कि सूरज मिश्र ने उन्हें बड़हर कला स्थित त्यागी पेट्रोल पंप पर बुलाया। पूर्व परिचित होने के कारण वह वहां पहुंचे, जहां सूरज मिश्र, श्याम त्रिपाठी उर्फ मनीष और सत्यम तिवारी पहले से मौजूद थे। आरोप है कि तीनों उन्हें कार में बैठाकर हरदिया प्राथमिक विद्यालय ले गए। वहां अश्लील वीडियो बनाकर मारपीट और गाली-गलौज की गई। पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए उनके यूपीआई खाते से एक लाख रुपये गौतम कुमार के खाते में ट्रांसफर कराए गए। इसके अलावा झोले में रखे 20 हजार रुपये नकद भी छीन लिए गए।
- मुखबिर की सूचना पर बैलाडे शुक्ल मोड़ से दबोचे
मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस टीमें आरोपितों की तलाश में जुटी थीं। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर हर्रैया और छावनी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 4:30 बजे बैलाडे शुक्ल मोड़ से सूरज मिश्र और श्याम त्रिपाठी उर्फ मनीष को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में पिस्टल, चार कारतूस, चार मोबाइल फोन और 17,140 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त काले रंग की स्विफ्ट कार संख्या यूपी32आरएस3752 भी कब्जे में लेकर सीज कर दी।
- लखनऊ भागने की फिराक में थे आरोपित
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्होंने नीरज दुबे से एक लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए थे और 20 हजार रुपये नकद लूटे थे। उनके अनुसार, नकदी में से 2,860 रुपये खाने-पीने में खर्च हो गए थे। पुलिस का कहना है कि आरोपितों को जानकारी हो गई थी कि उनकी तलाश की जा रही है, जिसके बाद वे कार से लखनऊ जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
- पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस अभिलेखों के अनुसार, सूरज मिश्र के विरुद्ध छावनी, हर्रैया और नगर थानों में वर्ष 2018 से 2026 तक छह मुकदमे दर्ज हैं। इनमें पॉक्सो एक्ट, आर्म्स एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के मामले शामिल हैं। श्याम त्रिपाठी उर्फ मनीष के विरुद्ध भी छावनी, हर्रैया, दुबौलिया और परसरामपुर थानों में वर्ष 2017 से 2026 तक आठ मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। दोनों के विरुद्ध थाना हर्रैया में दर्ज मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई है।

No comments:
Post a Comment